गोण्डा, 26 अप्रैल 2025: जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जनपद में संचालित “भूसा दान महादान” अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक बार फिर जनपदवासियों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंशों की सेवा करना हमारी संस्कृति और मानवीय दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है, और इससे बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता।
जनपद गोण्डा में वर्तमान में कुल 132 गो आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें लगभग 19,648 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। शासन द्वारा इनके भरण-पोषण की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही है, किंतु गर्मी के मौसम में भूसे और चारे की आवश्यकता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए 15 अप्रैल से 31 मई 2025 तक विशेष “भूसा दान महादान” अभियान संचालित किया जा रहा है।
श्रीमती नेहा शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत अब तक कई जागरूक नागरिकों ने भूसा, चारा और सहायता राशि दान कर पुण्य अर्जित किया है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस नेक कार्य में और अधिक संख्या में लोग आगे आएं और अपने नजदीकी गो आश्रय स्थलों पर भूसा, हरा चारा, चोकर, पशु आहार आदि का दान करें।
उन्होंने यह भी बताया कि जो व्यक्ति सामग्री दान करने में असमर्थ हैं, वे “गो संरक्षण एवं संवर्धन कोष” में ऑनलाइन अथवा बैंक खाते के माध्यम से धनराशि दान कर सकते हैं। दान की गई राशि का उपयोग न केवल गोवंश के भरण-पोषण में किया जाएगा, बल्कि रेडियम पट्टी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में भी किया जाएगा, जिससे निराश्रित गोवंश की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित हो सकेगी।
दान हेतु बैंक विवरण इस प्रकार है:
बैंक का नाम: पंजाब नेशनल बैंक, केशवपुर पहड़वा शाखा
खाता नाम: गो संरक्षण एवं संवर्धन कोष
खाता संख्या: 2024000100309470
IFSC कोड: PUNB0202400
जिलाधिकारी ने कहा कि गोसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है, और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और दान प्रक्रिया को सहज एवं पारदर्शी बनाएं।
“भूसा दान महादान” अभियान न केवल निराश्रित गोवंशों की सेवा का अवसर है, बल्कि समाज को संवेदनशील और जागरूक बनाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।