Home Firing चुनावी रंजिश व भूमि विवाद में की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में 4...

चुनावी रंजिश व भूमि विवाद में की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में 4 गंभीर ग्रामीणों में दहशत फोर्स तैनात

98
0

 

परसपुर गोंडा। जिले के परेटा गांव में गुरुवार की सुबह भूमि और चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग होने लगी, जिसमें 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

ग्रामीणों के मुताबिक परेटा गांव में सुबह होते ही दो गुटों के बीच पहले तीखी बहस हुई और कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक पक्ष ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग के दौरान में 45 वर्षीय हीरालाल मिश्रा, उनकी 20 वर्षीय बेटी कामिनी, उनकी 22 वर्षीय रिश्तेदार अन्नपूर्णा और मात्र दो वर्ष की मासूम बच्ची अनन्या समेत 4 लोग घायल हो गए।

घटना के के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परसपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हीरालाल मिश्रा, कामिनी और अन्नपूर्णा के शरीर पर गोली लगने से उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि मासूम अनन्या भी गंभीर रूप से घायल है। अस्पताल प्रशासन ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना परसपुर पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए और गोलीबारी में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फायरिंग की घटना के जड़ में पुरानी जमीनी रंजिश और चुनावी विवाद था। दोनों गुटों के बीच पहले से तनाव चल रहा था, जो इस खतरनाक झड़प में तब्दील हो गया। पुलिस अब इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी है।

फायरिंग के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग अपने घरों में दुबक गए हैं और तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

परसपुर थाना प्रभारी ने बताया कि “घटना गंभीर है और हम आरोपियों को जल्द ही पकड़ लेंगे। पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here