गोंडा, 18 मई 2025 — उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेशभर में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोंडा जिले को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वर्षों से प्रतीक्षित सोनी गुमटी रेल उपरिगामी सेतु (ROB-257) अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
गोंडा-उतरौला-डुमरियागंज मार्ग पर गोरखपुर कैंट-गोंडा रेल सेक्शन के बरुआचक और गोंडा रेलवे स्टेशनों के मध्य स्थित यह चार लेन का ओवरब्रिज क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। यदि मौसम और तकनीकी परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो यह सेतु 31 मई 2025 तक आमजनमानस के लिए यातायात हेतु खोल दिया जाएगा।
राज्य सेतु निगम लिमिटेड, सेतु निर्माण इकाई बाराबंकी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 17 मई 2025 तक वायाडक्ट तथा आरई वॉल खंड में बिटुमिनस कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में रोड मार्किंग और पेंटिंग का कार्य तेजी से प्रगति पर है। यदि मौसम और तकनीकी परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो यह सेतु 31 मई 2025 तक आमजनमानस के लिए यातायात हेतु खोल दिया जाएगा।
यह परियोजना न केवल गोंडा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करेगी, बल्कि बरसों से चली आ रही जाम और दुर्घटनाओं की समस्या का भी समाधान करेगी। इस महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध रूप से संपन्न कराने में जिलाधिकारी नेहा शर्मा की भूमिका सराहनीय रही है। उनके द्वारा की गई नियमित मॉनिटरिंग, संबंधित विभागों के बीच समन्वय और कार्यों की पारदर्शिता ने इस लंबे समय से रुकी परियोजना को गति दी।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कार्यदायी संस्था और रेलवे प्रशासन के साथ नियमित बैठकें कर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर किया। साथ ही, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भी सतत संवाद करते हुए सभी पक्षों को एक सूत्र में बांधकर विकास कार्य को मूर्त रूप दिया।