गोण्डा 19 फरवरी,2025*। बुधवार को कृषि विभाग द्वारा जिला पंचायत सभागार गोंडा में मिलेट्स रेसिपी एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कृषि विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कृषकों को इसका अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। मुख्य राजस्व अधिकारी ने मिलेट्स फसलों के पोषक महत्व के विषय में चर्चा करते हुए कृषकों को इसकी खेती की तरह उन्मुख होने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किए जाने वाले इस प्रकार के आयोजन जनसामान्य के बीच में प्रेरणा का कार्य हैं। मिलेट्स से बने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के उपयोग से कुपोषण की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के विभिन्न घटकों के विषय में चर्चा करते हुए इसके महत्व के विषय में कृषकों को जागरूक किया।
कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वैज्ञानिक डॉ राम लखन सिंह ने मिलेट्स फसलों के उत्पादन तकनीक के विषय में किसानों को जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम की वैज्ञानिक डॉ ममता त्रिपाठी ने मिलेट्स के पोषक तत्वों की तुलना परंपरागत रूप से खाए जाने वाले चावल और गेहूं से करते हुए मिलेट्स के उत्पादों का उपभोग करने के लिए किसानों को प्रेरित किया। कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम के अध्यक्ष डॉ चंद्रदेव मणि त्रिपाठी ने किसानों को मिलेट्स के फसलों से होने वाले लाभ के विषय में जानकारी दी।
जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने गन्ना विभाग द्वारा संचालित योजनाओं तथा कार्यक्रमों के विषय में किसानों को अवगत कराया।एलबीएस पीजी कॉलेज की प्रवक्ता डॉ रेखा शर्मा ने मिलेट्स से बने उत्पादों के पोषक मूल्य के विषय में चर्चा की।
विकासखंड पंडरी कृपाल के बीटीएम सत्य प्रकाश तिवारी ने मिलेट्स से बने उत्पादों के पोषक मूल्य के विषय में जानकारी देते हुए किसानों को इसका उत्पादन एवं उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। एडीओ एजी गौरव श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
आयोजन में भूमि संरक्षण अधिकारी पारसराम तथा सहायक निदेशक मत्स्य इंद्रजीत सिंह ने भी प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन एसपी शर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान मिलेट्स रेसिपी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल तीन समूहों के द्वारा प्रतिभाग किया गया। बेकर्स समूह में शारदा रेस्टोरेंट को प्रथम तथा अमित मिष्ठान भंडार को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
स्वयं सहायता समूह के ग्रुप में सरिता महिला स्वयं सहायता समूह को प्रथम तथा मां दुर्गा स्वयं सहायता समूह को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। छात्राओं के ग्रुप में अनूपा यादव को प्रथम तथा साक्षी सिंह को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। विजेताओं को प्रमाण पत्र तथा ट्रॉफी वितरित की गई।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतिष्ठानों के द्वारा अपने स्टाल भी लगाए गए जहां पहुंचकर किसानों ने उपयोगी जानकारी प्राप्त की। अंत में जिला कृषि अधिकारी डॉ प्रेम कुमार द्वारा सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।